सीढ़ी कूद का खेल
Sidhi Kood Ka Khel
बराबर-बराबर संख्या में खिलाड़ी दो दलों में बँट जाएँगे । दोनों दल दो कतारों में एक-दूसरे के आमने-सामने अपनी- अपनी टाँगे फैलाकर जमीन पर इस तरह बैठें कि हर एक खिलाड़ी के पैर उसके सामने बैठे हुए लड़के के पैरों से सटे हुए रहें और दोनों हाथ पीछे की ओर जमीन से टिके रहें । हर खिलाड़ी के बीच में अगल-बगल एक-एक हाथ का अन्तर रहेगा। दोनों दलों के दाहिने छोर पर बैठे हुए खिलाड़ी के हाथ में एक-एक रूमाल होगा।
कोई सयाना आदमी लीडर (शिक्षक) अलग से खेल की देखभाल करेगा। लीडर ‘जाओ’ कहेगा, तब दाहिनी ओर का रूमाल लिए खिलाड़ी उछलकर, दोनों पैरों को जोड़े हुए अपनी टोली के खिलाड़ी के फैले हुए पैरों के ऊपर से उछलता (कूदता) हुआ, अपनी लाइन के पीछे आकर फिर अपनी जगह बैठ जाएगा और रूमाल को अपनी बाईं बगल के खिलाड़ी को दे देगा। यह दूसरा, खिलाड़ी भी रूमाल पाते ही उछलकर अपनी लाइन के पीछे से दौड़ता हुआ पहले लड़के की टाँगों के ऊपर से कूदकर अपनी जगह पर आ बैठेगा।
इसी तरह दूसरे खिलाड़ी भी एक-एक कर खेल खेलेंगे। दोनों दलों में जो पहले खेल ‘खत्म’ करेगा। वही दल विजयी होगा ।

